वाराणसी: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने बुधवार शाम अधिकारियों के साथ बैठक कर वाराणसी में जलभराव, जल निकासी और विद्युत आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की। बारिश के कारण जलभराव की समस्या पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को तत्काल प्रभावी कदम उठाकर लोगों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
मंत्री ने नालों की नियमित सफाई, सीवर व्यवस्था को दुरुस्त करने और जल निकासी के बेहतर इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जलभराव वाले इलाकों में संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
विद्युत व्यवस्था की समीक्षा के दौरान ए.के. शर्मा ने निर्बाध और सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने विद्युत पोल, तार, ट्रांसफार्मर और अन्य उपकरणों का लगातार निरीक्षण करने तथा बारिश के दौरान संभावित विद्युत दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पहले से जरूरी कदम उठाने को कहा।
मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बिजली के तार टूटने, जलभराव वाले क्षेत्रों में विद्युत प्रवाह या किसी अन्य जोखिम की जानकारी मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना को रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि वाराणसी जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक और पर्यटन शहर में जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को केवल कार्यालयों तक सीमित न रहने, बल्कि मौके पर जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
ए.के. शर्मा ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को बारिश के मौसम में पूरी तरह सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखने को कहा।
बैठक में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।







