मुंबई: अभिनेत्री निर्मित कौर अहलूवालिया को हाल ही में वर्कआउट सेशन के दौरान डेडलिफ्ट करते समय चोट लग गई। चोट के बाद उन्हें कुछ समय के लिए पूरी तरह बेड रेस्ट लेना पड़ा और अपनी नियमित फिटनेस दिनचर्या से दूरी बनानी पड़ी। अभिनेत्री ने सोशल मीडिया के जरिए अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह इस ब्रेक को कमजोरी या रुकावट के रूप में नहीं देख रही हैं।
निर्मित ने कहा कि यह उनके लिए काफी दर्दनाक अनुभव रहा, लेकिन इसने उन्हें एक महत्वपूर्ण बात फिर से समझाई है कि शरीर और किसी भी वर्कआउट मूवमेंट को कभी हल्के में नहीं लेना चाहिए। उनका कहना है कि खुद को कितना भी मजबूत या अनुभवी मानें, ट्रेनिंग के दौरान सावधानी और शरीर के संकेतों को समझना बेहद जरूरी है।
अभिनेत्री ने बताया कि नियमित रूप से एक्टिव रहने और ट्रेनिंग करने वाले व्यक्ति के लिए अचानक आराम करना आसान नहीं होता। हालांकि, इस समय वह जल्दबाजी में फिटनेस रूटीन शुरू करने के बजाय अपने शरीर को पूरी तरह ठीक होने का समय देना चाहती हैं।
निर्मित ने कहा कि वह वापसी जरूर करेंगी, लेकिन तभी जब वह पूरी तरह स्वस्थ और तैयार हों। उनका लक्ष्य चोट से जल्द उबरने के साथ पहले से अधिक मजबूती के साथ अपनी फिटनेस यात्रा को आगे बढ़ाना है।
उन्होंने अपने प्रशंसकों और फिटनेस को लेकर सक्रिय लोगों को भी जरूरी सलाह दी। निर्मित ने कहा कि ट्रेनिंग के दौरान शरीर के संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। अगर थकान महसूस हो रही हो, नींद पूरी नहीं हुई हो या खान-पान सही नहीं हो, तो पहले इन चीजों पर ध्यान देना जरूरी है।
अभिनेत्री ने रिकवरी को ट्रेनिंग का अहम हिस्सा बताते हुए कहा कि लोग अक्सर एक्सरसाइज पर तो ध्यान देते हैं, लेकिन शरीर को पर्याप्त आराम देने की जरूरत भूल जाते हैं। उनके मुताबिक, सही ट्रेनिंग और पर्याप्त रिकवरी के बीच संतुलन बनाना फिटनेस के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
फिलहाल निर्मित अपनी रिकवरी पर ध्यान दे रही हैं और पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद ही दोबारा ट्रेनिंग शुरू करने की तैयारी में हैं।







