घडूंआ: पंजाब के मोहाली जिले के ऐतिहासिक गांव घडूंआ में विकास कार्य के दौरान जमीन से चांदी के पुराने सिक्कों से भरा एक कुज्जा (मिट्टी का बर्तन) मिलने से इलाके में चर्चा का माहौल बन गया। खजाना मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और देर रात तक घटनास्थल के आसपास लोगों की भीड़ जुटी रही।
जानकारी के अनुसार, गांव के पुराने पंचायत घर की जगह पर आधुनिक लाइब्रेरी का निर्माण कराया जा रहा है। इसी निर्माण के लिए मजदूर नींव की खुदाई कर रहे थे। इसी दौरान जमीन के भीतर उन्हें एक पुराना और आंशिक रूप से टूटा हुआ मिट्टी का कुज्जा दिखाई दिया। मजदूरों ने जब उसे बाहर निकाला तो उसमें बड़ी संख्या में पुराने चांदी के सिक्के मौजूद मिले।
सिक्के मिलने की जानकारी गांव में तेजी से फैल गई। इसके बाद लोग मौके पर पहुंचने लगे। बताया गया कि कुछ ग्रामीण देर रात तक टॉर्च और खुदाई के औजार लेकर आसपास की जमीन में भी पुराने अवशेष या अन्य वस्तुएं तलाशते नजर आए। इससे गांव में काफी देर तक हलचल बनी रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बरामद कुछ सिक्कों पर उर्दू भाषा में लिखावट दिखाई दे रही है। प्रारंभिक तौर पर ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने इन सिक्कों को किसी पुराने राजवंश या ऐतिहासिक काल से जुड़ा होने की संभावना जताई है। हालांकि, अभी तक सिक्कों के काल, वास्तविक संख्या और ऐतिहासिक महत्व की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
विशेषज्ञों का परीक्षण और पुरातत्व विभाग की जांच इस मामले में महत्वपूर्ण होगी। संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि सिक्के कितने पुराने हैं, किस काल से संबंधित हैं और उनका ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व क्या है।
फिलहाल चांदी के सिक्कों से भरे कुज्जे की बरामदगी ने घडूंआ गांव के पुराने इतिहास को लेकर लोगों की उत्सुकता बढ़ा दी है।







