नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) के 10 साल के सफ़र की सराहना करते हुए इसे भारत की डिजिटल भुगतान क्रांति में बड़ा बदलाव लाने वाला माध्यम बताया है। उन्होंने कहा कि यूपीआई का तेज़ विस्तार और देशभर में इसकी पहुंच हर भारतीय के लिए गर्व की बात है। प्रधानमंत्री ने मंगलवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट कर यूपीआई की उपलब्धियों को याद किया और लोगों से यह साझा करने का आग्रह किया कि इस डिजिटल भुगतान प्रणाली ने उनके दैनिक जीवन को किस तरह बदला है। उन्होंने कहा कि एक दशक पहले शुरू हुआ यूपीआई भारत के डिजिटल भुगतान सफ़र में महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ है। यूपीआई के माध्यम से मोबाइल ऐप और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बैंक खातों के बीच तुरंत धन हस्तांतरित किया जा सकता है। इसके विस्तार ने आम लोगों, कारोबारियों और व्यापारियों के रोज़मर्रा के लेन-देन का तरीका बदल दिया है।


प्रधानमंत्री ने कहा कि बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों से लेकर स्थानीय दुकानों और रेहड़ी-पटरी वालों तक, यूपीआई ने डिजिटल और कैशलेस भुगतान को आसान बनाया है। स्मार्टफोन और इंटरनेट की बढ़ती पहुंच के साथ यह सुविधा महानगरों से निकलकर छोटे शहरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंची है। सरकार यूपीआई को भारत की डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना और समावेशी अर्थव्यवस्था की दिशा में एक बड़ी सफलता मानती है। डिजिटल वित्तीय सेवाओं के विस्तार के साथ यूपीआई भारत के व्यापक डिजिटल परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

GNSU Admission Open 2026