चेनारी: सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर गुप्ताधाम जाने वाले कांवरियों और श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से प्रस्तावित पुष्प वर्षा का कार्यक्रम खराब मौसम के कारण रद्द कर दिया गया। इसकी जानकारी चेनारी विधायक मुरारी प्रसाद गौतम ने पनारी घाट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। विधायक ने बताया कि सावन की अंतिम सोमवारी पर गुप्ताधाम जाने वाले लाखों शिवभक्तों के स्वागत और सम्मान के लिए राज्य सरकार के सहयोग से हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की तैयारी की गई थी। लेकिन क्षेत्र में मौसम प्रतिकूल होने और सुरक्षा कारणों को देखते हुए कार्यक्रम को अंतिम समय में स्थगित करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि गुप्ताधाम और पनारी घाट जैसे धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के विकास तथा क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राज्य सरकार के प्रति आभार जताया। विधायक ने गुप्ताधाम की कठिन पहाड़ी यात्रा करने वाले सभी कांवरियों और श्रद्धालुओं को नमन करते हुए उनकी सुखद, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था और उनकी यात्रा क्षेत्र की धार्मिक पहचान के साथ-साथ विकास और विश्व शांति की भावना का भी प्रतीक है।







