दानापुर: बिहार के दानापुर थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े एक नाबालिग लड़की को गोली मारने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। आरपीएस मोड़ स्थित आर्य समाज के गेट के सामने दो बदमाशों ने एक टेलर की दुकान में घुसी लड़की को कथित तौर पर बाहर खींच लिया और उसके कंधे में गोली मार दी। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दो युवक नाबालिग लड़की का पीछा कर रहे थे। खुद को बचाने के लिए लड़की आरपीएस मोड़ के पास स्थित आर्य समाज डीएवी पब्लिक स्कूल के सामने एक टेलर की दुकान में जाकर छिप गई। आरोप है कि पीछा कर रहे दोनों युवक दुकान के अंदर पहुंच गए और लड़की को जबरन बाहर खींचकर गोली चला दी।
गोली लड़की के कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद परिजन घायल लड़की को इलाज के लिए राजा बाजार स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।
वारदात की सूचना मिलने के बाद दानापुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
दानापुर थानाध्यक्ष पीके भारद्वाज ने बताया कि नाबालिग लड़की के कंधे में गोली लगी है और उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने दोनों संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। फिलहाल गोली चलाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।







