अमरावती: महाराष्ट्र के अमरावती जिला महिला अस्पताल में सोमवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित नवजात गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में अचानक भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन नवजात शिशुओं की मौत हो गई, जबकि छह अन्य बच्चों को बेहतर इलाज के लिए सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिस समय आग लगी, उस वक्त NICU में कुल 39 नवजात शिशु भर्ती थे। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि एक वेंटिलेटर में अचानक धमाका हुआ, जिसके बाद वहां आग फैल गई। देखते ही देखते वार्ड में धुआं भर गया और अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों, नर्सों और अन्य अस्पताल कर्मचारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कर्मचारियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना प्रभावित वार्ड से नवजात शिशुओं को बाहर निकालना शुरू किया। उनकी तत्परता के कारण बड़ी संख्या में बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, हादसे में तीन नवजात शिशु गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें बचाने के प्रयास किए गए, लेकिन उनकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में शोक का माहौल है और मृत बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आग की चपेट में आए छह अन्य नवजात शिशुओं को तत्काल सुपर स्पेशलिटी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर चिकित्सकों की टीम नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल वेंटिलेटर में धमाका किस वजह से हुआ और आग लगने के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसका पता लगाया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन और संबंधित अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा कर रहे हैं।







