गयाजी: गयाजी में लोकरत्न के नाम से प्रसिद्ध पूर्व मंत्री स्वर्गीय उपेंद्र नाथ वर्मा की 106वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शहर के दिग्घी तालाब के समीप स्थित उनकी प्रतिमा पर विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
जयंती समारोह के दौरान कलाकारों ने निर्गुण गायन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए और स्वर्गीय वर्मा के व्यक्तित्व एवं उनके सामाजिक योगदान को याद किया।
स्वर्गीय उपेंद्र नाथ वर्मा की पुत्रवधू एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य कुमुद वर्मा ने कहा कि वह प्रख्यात समाजसेवी होने के साथ-साथ शिक्षाविद भी थे। जनप्रतिनिधि और मंत्री के रूप में उन्होंने हमेशा गरीबों और जरूरतमंदों की मदद को प्राथमिकता दी। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में कई लोगों को आगे बढ़ने और विधायक-सांसद बनने में सहयोग किया।
कुमुद वर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी स्वर्गीय उपेंद्र नाथ वर्मा का सम्मान करते थे। उनके सामाजिक और राजनीतिक योगदान के कारण आज भी बड़ी संख्या में लोग उनकी जयंती पर एकत्रित होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
समारोह में राजद विधायक अजय दांगी, पूर्व विधायक विनय यादव, पूर्व सांसद अरुण कुमार, पूर्व विधायक कृष्णानंद यादव, युवा नेता आर.एस. नागमणि, वार्ड पार्षद सारिका वर्मा, सुनील बंबईया और विनोद कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय उपेंद्र नाथ वर्मा का जीवन समाजसेवा, शिक्षा और जनकल्याण के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा है। उनके विचार और सामाजिक योगदान आज भी लोगों को प्रेरित करते हैं। जयंती समारोह में मौजूद लोगों ने उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया।







