अंबाला: हरियाणा के पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल अंबाला सिटी में DAV नेशनल स्पोर्ट्स टूर्नामेंट-2026 के जोनल लेवल का शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट में राज्य के विभिन्न डीएवी स्कूलों से आए 500 से अधिक खिलाड़ियों ने शतरंज और लॉन टेनिस प्रतियोगिताओं में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। शतरंज के अंडर-19 बालक वर्ग में पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल अंबाला सिटी ने पहला स्थान हासिल किया। डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर-14 गुरुग्राम दूसरे और एसबीपी डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल फतेहाबाद तीसरे स्थान पर रहा।
अंडर-17 शतरंज वर्ग में डीएवी मल्टीपर्पज पब्लिक स्कूल सेक्टर-15 सोनीपत ने बाजी मारी। डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर-14 गुरुग्राम को दूसरा और डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल टोहाना को तीसरा स्थान मिला। अंडर-14 वर्ग में भी डीएवी मल्टीपर्पज पब्लिक स्कूल सेक्टर-15 सोनीपत प्रथम रहा, जबकि गुरुग्राम के सेक्टर-14 और सेक्टर-49 स्थित डीएवी स्कूल क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
लॉन टेनिस के अंडर-19 वर्ग में डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर-14 फरीदाबाद ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल अंबाला सिटी दूसरे स्थान पर रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के प्रिंसिपल एवं हरियाणा जोन के असिस्टेंट रीजनल ऑफिसर डॉ. विकास कोहली ने की। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को तनावमुक्त रखने के साथ अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
टूर्नामेंट के विजेता खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगे। इससे खिलाड़ियों में उत्साह के साथ आगे बेहतर प्रदर्शन करने की प्रतिस्पर्धी भावना भी देखने को मिली।







