Home राष्ट्रीय कृषि विश्वविद्यालय पेपर लीक मामले में FIR दर्ज, साइबर यूनिट करेगी जांच;...

कृषि विश्वविद्यालय पेपर लीक मामले में FIR दर्ज, साइबर यूनिट करेगी जांच; दोबारा होगी एंटोमोलॉजी की परीक्षा

25
FIR filed in Agricultural University paper leak case, cyber unit to investigate; entomology exam to be re-conducted

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में बीएससी एग्रीकल्चर द्वितीय वर्ष के एंटोमोलॉजी विषय का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले कथित तौर पर लीक होने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। विश्वविद्यालय प्रबंधन की शिकायत पर तेलीबांधा थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इसकी जांच एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सौंपने का निर्णय लिया है। साइबर यूनिट प्रश्नपत्र के लीक होने के स्रोत का पता लगाने के साथ इसे विद्यार्थियों तक पहुंचाने वाले लोगों की पहचान करने का प्रयास करेगी। जांच में डिजिटल माध्यमों और प्रश्नपत्र के प्रसार से जुड़े तथ्यों को भी खंगाला जाएगा।

GNSU Admission Open 2026

जानकारी के मुताबिक, बीएससी एग्रीकल्चर द्वितीय वर्ष के एंटोमोलॉजी विषय की परीक्षा से करीब दो घंटे पहले प्रश्नपत्र की तस्वीरें और सामग्री कथित तौर पर छात्रों के व्हाट्सऐप ग्रुप तक पहुंच गई थी। इसके बाद छात्रों के बीच प्रश्नपत्र के लीक होने की चर्चा शुरू हुई।

मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था और प्रश्नपत्र की गोपनीयता को लेकर सवाल उठने लगे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रश्नपत्र किसी अन्य स्रोत से फॉरवर्ड होकर विद्यार्थियों तक पहुंचा था। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए एंटोमोलॉजी विषय की परीक्षा निरस्त कर दी।

अब विश्वविद्यालय इस विषय की परीक्षा नए प्रश्नपत्र के साथ दोबारा आयोजित करेगा। पुनः परीक्षा की तारीख और समय की घोषणा विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अलग से की जाएगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा रद्द करने के साथ पांच सदस्यीय समिति का गठन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।