Home बिहार सासाराम को स्वच्छ और सुंदर बनाने की कवायद तेज, डीएम ने शहर...

सासाराम को स्वच्छ और सुंदर बनाने की कवायद तेज, डीएम ने शहर का किया निरीक्षण

9
Efforts to make Sasaram clean and beautiful intensified, DM inspected the city

सासाराम: सासाराम नगर निगम क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। गुरुवार को रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने नगर निगम क्षेत्र का भ्रमण कर स्वच्छता व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, अतिक्रमण नियंत्रण और नागरिक सुविधाओं का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान डीएम ने शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को नियमित साफ-सफाई, कचरा उठाव और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने का निर्देश दिया। साथ ही शहर के प्रमुख स्थानों और सड़कों के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष जोर दिया। यातायात व्यवस्था को लेकर भी डीएम ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने प्रमुख मार्गों और चौराहों पर यातायात को सुचारू रखने तथा अनावश्यक जाम की समस्या को दूर करने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। शहर में अतिक्रमण की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने चिन्हित स्थानों से नियमानुसार अतिक्रमण हटाने और दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि सासाराम ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर है। ऐसे में इसे स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को अल्पकालिक और दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर काम करने तथा निर्धारित समय-सीमा में योजनाओं को धरातल पर उतारने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता, यातायात, अतिक्रमण नियंत्रण और सौंदर्यीकरण का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर और सुगम शहरी वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने आम लोगों से भी प्रशासन का सहयोग करने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की।

GNSU Admission Open 2026