टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 28 और 29 अगस्त को विभिन्न जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। खेल निदेशालय उत्तराखंड के निर्देश पर जिला प्रशासन के सौजन्य से जिला खेल कार्यालय नरेंद्रनगर की ओर से इन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न वर्गों के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
गुरुवार को जानकारी देते हुए जिला क्रीड़ाधिकारी दीपक रावत ने कहा कि प्रतियोगिताओं के तहत ओपन बालक वर्ग की शॉटपुट प्रतियोगिता बौराड़ी स्टेडियम नई टिहरी में आयोजित होगी। ओपन बालक वर्ग सिंगल्स एवं डबल्स बैडमिंटन प्रतियोगिता जिला खेल कार्यालय नरेंद्रनगर स्थित बैडमिंटन हॉल में होगी। जूनियर बालक वर्ग हॉकी और ओपन बालक वर्ग हैंडबॉल प्रतियोगिताएं श्री पूर्णानंद स्टेडियम मुनि की रेती में आयोजित की जाएंगी। वहीं जूनियर अंडर-19 बालक वर्ग की बास्केटबॉल प्रतियोगिता श्री ओंकारानंद स्कूल मुनि की रेती में होगी।
प्रतियोगिताओं में विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को खेल विभाग की ओर से नियमानुसार सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। जिला खेल कार्यालय ने जनपद के खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने की अपील की है।
जिला क्रीड़ाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलेगा। उन्होंने जिले के खिलाड़ियों से प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिताओं से संबंधित जानकारी के लिए हॉकी प्रशिक्षक सनन्त कुमार से 7895541511, बैडमिंटन प्रशिक्षक अमित प्रजापति से 8979491076, बास्केटबॉल प्रशिक्षक वहीद अहमद से 9456130071, सॉफ्टबॉल प्रशिक्षक यजुवेन्द्र चौहान से 9568022304 तथा हैंडबॉल प्रशिक्षक अर्जुन प्रसाद से 9897154775 पर संपर्क किया जा सकता है।







