Home खेल नूर अहमद सीपीएल 2026 में सेंट लूसिया के लिए नहीं खेलेंगे, एसीबी...

नूर अहमद सीपीएल 2026 में सेंट लूसिया के लिए नहीं खेलेंगे, एसीबी ने रद्द की एनओसी

18
Noor Ahmed will not play for St Lucia in CPL 2026, ACB revokes NOC

कोलंबो: अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर नूर अहमद का सीपीएल 2026 के लिये दिया अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) रद्द कर दिया है इसलिए वह इस टूर्नामेंट में सेंट लूसिया किंग्स के लिए नहीं खेल पाएंगे। फ्रैंचाइजी ने एक बयान जारी कर कहा है कि नूर की जगह न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज और विकेटकीपर टिम साइफर्ट को टीम में शामिल किया गया है। सेंट लूसिया किंग्स ने अपने बयान में कहा, “नूर अब टूर्नामेंट के बाक़ी हिस्से में सेंट लूसिया किंग्स का प्रतिनिधित्व करने के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। फ़्रैंचाइज़ी को निराशा है कि नूर टीम के साथ नहीं जुड़ पाएंगे और हम उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं। इस बीच, सेंट लूसिया किंग्स टिम साइफ़र्ट का स्वागत करने के लिए उत्साहित है। वह इस समय सेंट लूसिया पहुंचने के रास्ते में हैं।”


जानकारी के अनुसार नूर अब तक सीपीएल के लिए वेस्टइंडीज पहुंचे भी नहीं थे। नूर ने 2020 में किंग्स (तब सेंट लूसिया ज़ॉक्स) के साथ करार किया था, लेकिन वीजा संबंधी दिक़्क़तों के कारण वह टीम के लिए नहीं खेल सके थे। इसके बाद उन्होंने सीपीएल 2024 में टीम में वापसी की और 12 मैचों में 22 विकेट लेकर टूर्नामेंट के सबसे कामयाब गेंदबाज बने। इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 6.19 रहा और सेंट लूसिया किंग्स ने खिताब जीता। वहीं, टिम साइफ़र्ट इंग्लैंड में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के साथ द हंड्रेड में शानदार प्रदर्शन करने के बाद सेंट लूसिया किंग्स से जुड़ेंगे। वह इस सीज़न में 10 पारियों में 394 रन बनाकर टूर्नामेंट के दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उनका स्ट्राइक रेट 168.37 रहा। फाइनल में ट्रेंट रॉकेट्स के खिलाफ 38 गेंदों में 72 रन की मैच जिताऊ पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला था।

GNSU Admission Open 2026


साइफर्ट इससे पहले 2020 से 2022 तक ट्रिनबागो नाइट राइडर्स का हिस्सा रह चुके हैं। पिछले दो सीजन से वह सेंट लूसिया किंग्स के साथ भी जुड़े हुए थे। 2025 में वह टीम के सबसे सफल बल्लेबाज रहे और 10 पारियों में 169.23 के स्ट्राइक रेट से 396 रन बनाए। हालांकि किंग्स फाइनल तक नहीं पहुंच सकी थी, लेकिन साइफर्ट ने टूर्नामेंट की सबसे यादगार पारियों में से एक खेली थी। उन्होंने लीग चरण के मुकाबले में एंटीगा एंड बारबुडा फाल्कन्स के खिलाफ महज 53 गेंदों में नाबाद 125 रन ठोक दिए थे। सीपीएल 2026 में अब तक सेंट लूसिया किंग्स ने पांच में से दो मैच जीते हैं और टीम फिलहाल अंक तालिका में चौथे स्थान पर है।