Home राष्ट्रीय शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 1.15 करोड़ की ठगी, अंतरराज्यीय...

शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 1.15 करोड़ की ठगी, अंतरराज्यीय गिरोह के चार आरोपी गिरफ्तार

27
Four members of an interstate gang arrested for duping people of Rs 1.15 crore on the pretext of profits in share trading.

रायपुर: छत्तीसगढ़ की रायपुर रेंज साइबर थाना पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर तीन लोगों से कुल 1.15 करोड़ रुपए की ठगी करने के मामलों में अंतरराज्यीय गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को गुजरात, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश से पकड़ा है। पुलिस ने मंगलवार सुबह यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुजरात निवासी शुभम चौहान और साबले प्रेम विश्वास, महाराष्ट्र निवासी अनुज सेन और विक्की रांहगडाले के रूप में हुई है। आरोपियों से जुड़े बैंक खातों के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों के थानों और साइबर सेल में भी ठगी की शिकायतें एवं मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।


पुलिस महानिरीक्षक, रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देश पर रेंज साइबर थाना की टीम ने मामलों की जांच करते हुए ठगी में इस्तेमाल बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच से मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर अलग-अलग राज्यों में कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक बलौदाबाजार जिले के पलारी निवासी डागेश चंद्राकर से शेयर ट्रेडिंग में मुनाफा दिलाने के नाम पर 69 लाख रुपए की ठगी की गई थी। इस प्रकरण की जांच के दौरान पुलिस टीम ने गुजरात के सूरत से शुभम चौहान और साबले प्रेम विश्वास को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी फर्जी कंपनियां और फर्जी सिम का इस्तेमाल कर लोगों से अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा करवाते थे। इन खातों से जुड़े 20 से अधिक मामले कई राज्यों के थानों और साइबर सेल में दर्ज हैं।

GNSU Admission Open 2026


एक अन्य मामले में भाटापारा निवासी मुकेश विश्वकर्मा से 12 लाख रुपए की ठगी की गई थी। जांच के आधार पर पुलिस ने कटनी निवासी अनुज सेन को जबलपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी कंपनियों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर अपने साथियों के साथ साइबर ठगी को अंजाम देता था। इसी तरह मंदिर हसौद निवासी वेदप्रकाश बघेल से 34 लाख रुपए की ठगी के मामले की जांच करते हुए पुलिस महाराष्ट्र के गोंदिया निवासी विक्की राहंगडाले तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच एवं तलाश कर रही है।