
कैमूर: मोहनिया के चांदनी चौक पर रविवार शाम पुलिस ने मॉक ड्रिल आयोजित कर आपात परिस्थितियों से निपटने की अपनी तैयारियों का जायजा लिया। अभ्यास के दौरान पुलिस-पब्लिक के बीच संभावित झड़प, भीड़ के बेकाबू होने और उपद्रव जैसी स्थिति को नियंत्रित करने का प्रशिक्षण दिया गया। मॉक ड्रिल में पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और तनावपूर्ण हालात में तत्काल कार्रवाई करने का अभ्यास किया। जवानों को यह भी सिखाया गया कि किसी आपात स्थिति में घटनास्थल पर तेजी से पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में कैसे लिया जाए और अफवाहों के कारण तनाव बढ़ने से कैसे रोका जाए।
प्रभारी डीएसपी दयानंद कुमार ने बताया कि मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य पुलिस की तैयारियों को परखना और जवानों को किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए तैयार करना है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की कि मॉक ड्रिल को वास्तविक घटना न समझें और किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें। पुलिस के मुताबिक ऐसे अभ्यास से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आपात परिस्थितियों में बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलती है।






