
मुंबई: बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने अपना 56वां जन्मदिन परिवार और करीबी दोस्तों के साथ खास अंदाज में मनाया। 16 अगस्त को जन्मदिन के मौके पर उनके माता-पिता ने अभिनेत्री के लिए एक विशेष पार्टी आयोजित की, जिसकी तस्वीरें मनीषा ने सोशल मीडिया पर साझा की हैं। मनीषा कोइराला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर जन्मदिन समारोह की कई तस्वीरें पोस्ट कीं। तस्वीरों में वह अपने परिवार और चुनिंदा दोस्तों के साथ समय बिताती नजर आ रही हैं। खूबसूरत पहाड़ी नजारों वाले स्थान पर आयोजित पार्टी में मनीषा का स्टाइलिश अंदाज भी देखने को मिला।
अभिनेत्री ने तस्वीरों के साथ लिखा कि उनका जन्मदिन बेहद शानदार और यादगार रहा तथा इस खास आयोजन ने उनका दिल छू लिया। तस्वीरों में मनीषा ऑफ-व्हाइट शर्ट और ब्लू डेनिम जींस में नजर आईं। मनीषा कोइराला ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत वर्ष 1989 में नेपाली फिल्म ‘फेरी भेटौला’ से की थी। इसके बाद वर्ष 1991 में फिल्म ‘सौदागर’ के जरिए उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा। 90 के दशक में उन्होंने कई चर्चित फिल्मों में अभिनय कर अपनी अलग पहचान बनाई।






