Home राष्ट्रीय वस्तु निर्यात दूसरी तिमाही में 131 अरब डॉलर के पार पहुंचने की...

वस्तु निर्यात दूसरी तिमाही में 131 अरब डॉलर के पार पहुंचने की संभावना: एग्जिम बैंक

16
0
Merchandise exports likely to cross $131 billion in Q2: Exim Bank

नयी दिल्ली: भारत के निर्यात-आयात बैंक (एग्जिम बैंक) ने अनुमान लगाया है कि देश का कुल वस्तु निर्यात चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में 131 अरब डॉलर के पार पहुंच जायेगा।


एग्जिम बैंक की बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि दूसरी तिमाही में वस्तु निर्यात 17.6 प्रतिशत बढ़कर 131.2 अरब डॉलर रहने की संभावना है। इस अवधि में गैर-तेल निर्यात में 20.3 प्रतिशत और गैर-तेल तथा गैर-रत्न एवं आभूषण निर्यात में 20.5 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान लगाया गया है। गैर-तेल निर्यात 113.8 प्रतिशत और गैर-तेल तथा गैर-रत्न एवं आभूषण निर्यात 105.8 अरब डॉलर रहने की संभावना जतायी गयी है।

GNSU Admission Open 2026


कुल वस्तु निर्यात, गैर-तेल निर्यात तथा गैर-तेल एवं गैर-रत्न-आभूषण निर्यात की वृद्धि का अनुमान एग्जिम बैंक द्वारा प्रत्येक तिमाही में जारी किया जाता है। ये अनुमान संबंधित तिमाही के लिए मई, अगस्त, नवंबर और फरवरी के पहले पखवाड़े में जारी किये जाते हैं।


प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद निर्यात में यह बढ़ोतरी निर्यात बाजारों के भौगोलिक विविधीकरण में वृद्धि तथा प्रमुख व्यापारिक साझेदार देशों के साथ हाल में किये गये व्यापार समझौतों से उत्पन्न अनुकूल संभावनाओं के कारण संभव होगी।

इसके अलावा, साझेदार देशों में मजबूत मांग भी देश के निर्यात को समर्थन दे रही है। एग्जिम बैंक का कहना है कि देश का निर्यात परिदृश्य सकारात्मक है। इसे घरेलू विनिर्माण के निरंतर विस्तार और विनिमय दर में होने वाले बदलावों से गति मिलने की उम्मीद है। हालांकि, भू-राजनीतिक संघर्षों और अंतरराष्ट्रीय कॅमोडिटी बाजारों में अस्थिरता नकारात्मक जोखिम बने हुए हैं।