वाराणसी: कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के राष्ट्रीय सचिव एवं संगठन सृजन अभियान के प्रभारी समन्वयक बी.एम. संदीप मंगलवार को काशी प्रवास पर पहुंचे। उन्होंने मैदागिन स्थित पराड़कर भवन में संगठन सृजन अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, राजेंद्र पाल गौतम तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में प्रदेश में संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाने का अभियान चलाया जा रहा है।
श्री संदीप ने कहा कि संगठन सृजन केवल पदों के गठन की प्रक्रिया नहीं, बल्कि वरिष्ठ नेताओं, जमीनी कार्यकर्ताओं और चुनावी अनुभव रखने वाले साथियों के सुझावों के आधार पर मजबूत संगठन तैयार करने का अभियान है। इसके तहत महानगर, जिला, ब्लॉक, मंडल और वार्ड स्तर तक व्यापक संवाद कर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 11 से 14 अगस्त तक महानगर कांग्रेस के संगठन सृजन का कार्य पूरा कर 15 अगस्त तक इसकी रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके बाद 16 से 20 अगस्त तक जिला स्तर पर संगठन की समीक्षा कर आवश्यक सुझावों के आधार पर जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।
कांग्रेस नेता ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य बूथ और वार्ड स्तर तक सक्रिय एवं जवाबदेह संगठन तैयार करना है, जिसमें समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने के साथ कार्यकर्ताओं को जनहित के मुद्दों पर संघर्ष के लिए भी तैयार किया जाएगा।







