
नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) ने आरोप लगाया है कि पंजाब में प्राकृतिक संसाधनों की लूटे जा रहे हैं, खुलेआम अवैध खनन हो रहा है और सरकार खनन माफिया पर नकेल लगाने में पूरी तरह से विफल है तथा अपनी नाकामियों छुपाने के लिए राज्य में अघोषित सेंसरशिप लगा रखा है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने शनिवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मौजूदा समय में पंजाब के संसाधनों को लूटा जा रहा है। रावी नदी हो, पठानकोट का चक दरिया हो, या अनंगपुर साहिब और होशियारपुर, रोपड़ का क्षेत्र हो वहां खुलेआम अवैध खनन हो रहा है। चाहे रावी नदी हो या आनंदपुर साहिब-रोपड़ का इलाका, अवैध खनन खुलेआम हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गयी है और पूरे राज्य में भय का वातारण है। राज्य में पेपर लीक हो रहे हैं, विद्यार्थी डरे हुए हैं और कानून- व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गयी है। उन्होंने कहा कि रंगदारी, वसूली, और यातना केंद्र से पूरा पंजाब भय के वातावरण में है। अगर कोई आवाज उठाता है, तो उसे मारा-पीटा जाता है, सार्वजनिक रूप से जातिगत टिप्पणियां की जाती हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सफाई कर्मचारी और महिलाएं शांति के साथ सड़क पर आंदोलन करती हैं, तो उनके साथ भद्दा व्यवहार किया जाता है। पंजाब में पुलिस सुरक्षा की बजाय जनता के दमन के लिए प्रयोग हो रही है। जितने भी आंदोलन चल रहे हैं, चाहे सफाई कर्मचारियों का आंदोलन हो, चाहे भर्ती घोटाले का आंदोलन हो या किसानों का आंदोलन हो। हर आंदोलन में पुलिस प्रदर्शनकारियों को सुनने की बजाय कुचलने के काम कर रही है।
श्री चुघ ने आरोप लगाया कि पंजाब के अंदर अघोषित सेंसरशिप लगी हुई है। वहां अखबार क्या लिखेगा, क्या छापेगा, टीवी क्या दिखायेगा, क्या नहीं दिखायेगा ये भगवंत मान का दफ्तर तय करता है। दिल्ली में सांसद स्वाति मालीवाल पर मुख्यमंत्री निवास में हमला कर पीटने वाले वैभव कुमार पंजाब में एक समानांतर सेंसर बोर्ड चला रहे हैं। एक ऐसा सेंसर बोर्ड जो अखबारों को रोकता है और जांच करने के बहाने शर्तें मनवाता है। उन्होंने कहा कि अखबारों में शीशमहल-2 न छपे, उसके लिए बड़े-बड़े अखबार और न्यूज एजेंसियों को डराया जा रहा है
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने वादों के आधार पर ऐसी योजनाएँ शुरू कीं, जिनमें कहा गया था कि पाँच सालों में एक लाख करोड़ रुपये की कमाई होगी, जिसका इस्तेमाल स्वास्थ्य और शिक्षा के लिए किया जाएगा, लेकिन पंजाब में, इसके ज़रिए राज्य को 800-900 करोड़ रुपये भी नहीं मिले हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो का भारत में अपराध 2024 का रिकॉर्ड कहता है कि नशीली दवाओं और मादक पदार्थ रखने के 6, 060 प्रकरण पंजाब में रजिस्टर्ड हुए हैं, जो भारत के किसी एक प्रांत में सबसे अधिक है। हालात ये हैं कि नशे की ओवरडोज से 2023 में 89 नौजवान मरे हैं और 2024 में 1061 बच्चे पंजाब में मरे हैं। स्नैचिंग की 1356 घटनाएं पंजाब में हुई हैं। वर्ष 2024 में 1079 हत्याएं पंजाब में हुई हैं और 2025-26 में ये आंकड़ा इससे भी कहीं ज्यादा अधिक है।
भाजपा महासचिव ने आरोप लगाया कि आज पंजाब में श्री केजरीवाल और श्री मनीष सिसौदिया के लिए पंजाब के साधनों का इस्तेमाल हो रहा है, उनके स्वागत के लिए वहां की सरकार एक पांव पर खड़ी रहती है। श्री केजरीवाल को घुमाने के लिए पंजाब सरकार के हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल हो रहा है, लेकिन, विधवा पेंशन, बुढापा पेंशन देने के लिए, स्कूलों की मरम्मत के लिए और शहरों की सड़कों को ठीक करने के लिए वहां की सरकार के पास पैसे नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार साल में आम आदमी पार्टी ने पंजाब को एक गहरी खाई में फेंक दिया है। आज पंजाब के ऊपर पौने पांच लाख करोड़ रुपये का कर्जा हो गया है।
उन्होंने कहा, “सरकार के पास कोई योजना नहीं है। आज पंजाब का हर नौजवान, हर क्षेत्र, हर गांव, हर मोहल्ला आम आदमी पार्टी की इस नौसिखिया, नालायक, निक्कमी, माफिया के कंट्रोल से चलने वाली सरकार से दुखी है।”






