
कटिहार: कटिहार समाहरणालय परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक आवास सहायक की दो पत्नियां आमने-सामने आ गईं और दोनों के बीच जमकर कहासुनी हो गई। हाथों में डंडा लिए दोनों महिलाएं एक-दूसरे पर हमला करने को उतारू थीं, जबकि बीच में खड़ा आवास सहायक उन्हें शांत कराने की कोशिश करता रहा।
बारसोई से अपने बेटे के साथ पहुंची दूसरी पत्नी ने आरोप लगाया कि 14 वर्ष पहले फलका थाना क्षेत्र के पोठिया निवासी रंजीत कुमार पासवान से उसकी शादी हुई थी और चार वर्ष पहले दोनों ने कोर्ट मैरिज भी की, जिससे उनका एक बेटा है। महिला का दावा है कि शादी के समय रंजीत ने खुद को अविवाहित बताया था, लेकिन बाद में पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता है।
आरोप है कि रंजीत पहली पत्नी के साथ रह रहा है और उसे कोई खर्च नहीं देता। महिला ने कहा कि वह अपना हक मांगने पहुंची थी, जहां पहली पत्नी से विवाद हो गया। फिलहाल मामले को पंचायत के माध्यम से सुलझाने की बात कही जा रही है।






