Home बिहार चेहल्लुम को लेकर रोहतास में प्रशासन अलर्ट, 365 स्थानों पर दंडाधिकारी और...

चेहल्लुम को लेकर रोहतास में प्रशासन अलर्ट, 365 स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी तैनात

11
0
Administration on alert in Rohtas for Chehlum, magistrates and police officers deployed at 365 locations

सासाराम: चेहल्लुम पर्व को सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रोहतास जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। सोमवार को सासाराम के मल्टीपर्पस हॉल में डीएम दीपक कुमार मिश्रा और एसपी रौशन कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। डीएम और एसपी ने संवेदनशील स्थलों, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों, कर्बला और पहलाम स्थलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी छोटी घटना या विवाद को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चेहल्लुम के सभी ताजिया जुलूस सक्षम प्राधिकार से अनुमति लेने के बाद पूर्व निर्धारित मार्ग से ही निकाले जाएंगे। जुलूस के मार्ग में बदलाव की अनुमति नहीं होगी। वहीं, जुलूस में डीजे के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। अवैध हथियार, उत्तेजक नारे, अशोभनीय प्रदर्शन, पटाखों के उपयोग या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

GNSU Admission Open 2026

जिले में सुरक्षा व्यवस्था के तहत सासाराम अनुमंडल में 166, डेहरी में 96 और बिक्रमगंज अनुमंडल में 103 स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। सासाराम शहर में आठ दंडाधिकारी और आठ पुलिस पदाधिकारी पालीवार वाहन से गश्त करेंगे। इसके अलावा संवेदनशील प्रखंडों में भी अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है। सभी बीडीओ को शांति समिति की बैठक आयोजित कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया है। पर्व को लेकर समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष भी बनाया गया है। किसी भी सूचना के लिए 06184-226072 / 226093 पर संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन ने आम लोगों से आपसी भाईचारे और शांति के साथ चेहल्लुम पर्व मनाने तथा अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। डीएम ने कहा कि सामाजिक वैमनस्य फैलाने, धार्मिक भावनाओं को आहत करने या साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।