
धनबाद: आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के रसायन एवं रासायनिक जीवविज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. मधुलिका गुप्ता का चयन विश्व के प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड के श्मिट एआई साइंस फैकल्टी फेलोशिप प्रोग्राम के लिए हुआ है। इस उपलब्धि के साथ वह इस वर्ष भारत से चयनित केवल तीन वैज्ञानिकों में शामिल हैं तथा इस समूह में भारत की एकमात्र महिला वैज्ञानिक हैं।
डॉ. गुप्ता का चयन चार चरणों वाली कड़ी वैश्विक चयन प्रक्रिया—प्री-प्रपोजल, फुल प्रपोजल, इंटरव्यू और पोस्ट-इंटरव्यू मूल्यांकन—सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद हुआ। उनका चयन “एआई-ड्रिवन मल्टीस्केल डिजाइन एंड ऑप्टिमाइजेशन ऑफ सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल्स फॉर क्लाइमेट-रेजिलिएंट एनर्जी सिस्टम्स” विषयक शोध प्रस्ताव के लिए किया गया है, जिसका उद्देश्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से टिकाऊ विमानन ईंधन और जलवायु-अनुकूल ऊर्जा प्रणालियों का विकास करना है।
अपनी खुशी व्यक्त करते हुए डॉ. मधुलिका गुप्ता ने कहा, “भारत और आईआईटी (आईएसएम) धनबाद का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए सम्मान की बात है। इस फेलोशिप के माध्यम से मैं अंतरराष्ट्रीय शोध सहयोग को मजबूत करने, संस्थान में एआई आधारित अनुसंधान को नई गति देने तथा इससे प्राप्त ज्ञान और अवसरों को प्रभावी शोध एवं नवाचार में बदलने का प्रयास करूंगी।”
यह उपलब्धि डॉ. गुप्ता की अंतरराष्ट्रीय पहचान में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जोड़ती है। इसी वर्ष उन्हें रॉयल सोसाइटी ऑफ केमिस्ट्री ने अपने इंटरनेशनल विमेंस डे 2026 विशेष संग्रह में उनके शोध “इन सिलिको डिजाइन एंड एक्सपेरिमेंटल वैलिडेशन ऑफ ए हाई-एंट्रॉपी पेरोव्स्काइट ऑक्साइड फॉर एसओएफसी कैथोड्स” के लिए शामिल किया था। वर्ष 2024 में उन्हें अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन द्वारा सिंगापुर में आयोजित आसियान-भारत महिला वैज्ञानिक सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली 20 महिला वैज्ञानिकों में भी नामित किया गया था। डॉ. गुप्ता का शोध कार्य कम्प्यूटेशनल केमिस्ट्री, बायोमॉलिक्यूलर रिकॉग्निशन, कंप्यूटर आधारित ड्रग डिस्कवरी, मॉलिक्यूलर सिमुलेशन तथा टिकाऊ ऊर्जा सामग्री के विकास पर केंद्रित है। उनका यह चयन आईआईटी (आईएसएम) धनबाद की वैश्विक शोध पहचान को और मजबूत करेगा।






