Home बिहार बीच सड़क युवक को गोली, मामूली विवाद ने लिया खूनी मोड़; शराब...

बीच सड़क युवक को गोली, मामूली विवाद ने लिया खूनी मोड़; शराब कारोबार कनेक्शन की जांच

22
0
Youth shot in the middle of the road; minor dispute turns bloody; probe into liquor trade connection.

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले के जजुआर थाना क्षेत्र में एक बाइक सवार युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई। घटना जजुआर थाना क्षेत्र के दुर्गा स्थान, बर्री पोखर के पास की बताई जा रही है। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इस घटना में जजुआर निवासी विनोद ठाकुर के 21 वर्षीय पुत्र आशीष ठाकुर के पैर में गोली लगी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वारदात को दो बाइक पर सवार चार युवकों ने अंजाम दिया। घायल को इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच), मुजफ्फरपुर में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलते ही जजुआर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। घायल आशीष ठाकुर ने बताया कि वह बाइक से अपने एक दोस्त के घर जा रहा था। रास्ते में बारिश के कारण सड़क पर पानी भरा हुआ था। इसी दौरान आगे चल रही एक बाइक को ओवरटेक करने के बाद उस पर सवार दो युवकों ने उसे रोक लिया और पानी के छींटे पड़ने की बात कहकर गाली-गलौज शुरू कर दी। आशीष का दावा है कि उसने उनसे माफी मांग ली और वहां से निकलने लगा। आशीष के अनुसार, कुछ ही देर बाद ब्लू रंग की बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे और उस पर फायरिंग कर दी। उसने बताया कि एक गोली उसके सिर के पास से निकल गई, जबकि दूसरी गोली उसके पैर में लगी। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद स्थानीय लोग और परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे।

GNSU Admission Open 2026

घायल युवक ने बताया कि वह करीब एक माह पहले ही मुंबई से अपने गांव लौटा था। उसके पिता भी मुंबई में रहते हैं और वहीं काम करते हैं। उसने कहा कि फायरिंग करने वाले युवकों को वह नहीं पहचानता। स्थानीय सूत्र घटना को शराब कारोबार से जोड़कर भी देख रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं से जांच जारी है। जजुआर थानाध्यक्ष रौशन कुमार मिश्रा ने बताया कि गोली लगने से एक युवक घायल हुआ है, जिसका इलाज एसकेएमसीएच में चल रहा है। उन्होंने कहा कि घायल के पैर में एक गोली लगी है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पीड़ित के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।