Home राष्ट्रीय वैश्विक संकेत और तिमाही नतीजे तय करेंगे शेयर बाजार की अगली दिशा

वैश्विक संकेत और तिमाही नतीजे तय करेंगे शेयर बाजार की अगली दिशा

7
0
Global cues and quarterly results will decide the next direction of the stock market

मुंबई: घरेलू शेयर बाजारों में बीते सप्ताह प्रमुख सूचकांकों में रही तेजी के बाद आने वाले सप्ताह में निवेशकों की नजर वैश्विक कारकों और कंपनियों के तिमाही परिणामों पर रहेगी।
गत सप्ताह अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने से वृहत बाजार में गिरावट रही, हालांकि आईटी, बैंकिंग और वित्तीय कंपनियों में लिवाली से प्रमुख सूचकांक साप्ताहिक बढ़त में बंद हुए। अगले सप्ताह भी निवेशकों की नजर पश्चिम एशिया संकट पर रहेगी। घरेलू स्तर पर इंफोसिस समेत कई कंपनियों के तिमाही परिणाम आने वाले सप्ताह में जारी होने हैं। इनसे भी बाजार को दिशा मिलेगी।


गत सप्ताह बीएसई के सेंसेक्स में सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को तेजी रही जबकि मंगलवार को सूचकांक गिरावट में बंद हुआ था। वहीं, गुरुवार को यह सपाट रहा था। सेंसेक्स 582.06 अंक (0.75 प्रतिशत) की साप्ताहिक बढ़त में 78,151.45 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी सप्ताह के दौरान 127.40 अंक यानी 0.52 प्रतिशत ऊपर 24,334.30 अंक पर बंद हुआ।

GNSU Admission Open 2026


प्रमुख सूचकांकों के विपरीत वृहत बाजार में बिकवाली हावी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.71 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.62 फीसदी नीचे बंद हुआ।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से बीते सप्ताह 16 बढ़त में रहे। सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी टीसीएस का शेयर 9.63 प्रतिशत चढ़ा। टेक महिंद्रा में 7.90 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 3.54, बजाज फाइनेंस में 3.45 और कोटक महिंद्रा बैंक में 3.19 प्रतिशत की तेजी रही।


आईसीआईसीआई बैंक का शेयर 2.89 फीसदी, इंफोसिस का 2.71, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 1.58, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 1.35 और टाइटन का 1.10 प्रतिशत की साप्ताहिक बढ़त में रहा। भारतीय स्टेट बैंक, अडानी पोर्ट्स, एशियन पेंट्स, एक्सिस बैंक, पावरग्रिड और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर भी हरे निशान में रहे। सप्ताह के दौरान एलएंडटी का शेयर 3.33 प्रतिशत लुढ़क गया। बजाज फिनसर्व में 2.91 प्रतिशत, टाटा स्टील में 2.75, ट्रेंट में 2.10, बीईएल में 1.33, इंडिगो में 1.18 और इटरनल में 1.02 प्रतिशत की गिरावट रही। एनटीपीसी, भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, आईटीसी, मारुति सुजुकी, हिंदुस्तान यूनीलिवर और सन फार्मा के शेयर भी नीचे रहे।