
बर्न (स्विट्जरलैंड): मौजूदा ओलंपिक चैंपियन पाकिस्तान के अरशद नदीम ने ‘स्पिट्ज़ेन लीचथलेटिक ल्यूसर्न’ प्रतियाेगिता की भाला फेंक स्पर्धा में 80 मीटर का मार्क पार नहीं कर पाये और नौवें स्थान के साथ अपने 2026 एथलेटिक्स सीजन की निराशाजनक शुरुआत की। स्टेडियन ऑलमेंड में ‘वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर सिल्वर’ इवेंट में हिस्सा लेते हुए, पाकिस्तान के भाला फेंक स्टार ने अपनी आखिरी थ्रो में 78.47 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रयास दर्ज किया। नदीम की थ्रो सीरीज़ इस प्रकार थी 74.87 मीटर, 73.26 मीटर, 73.39 मीटर, 78.47 मीटर।
जर्मनी के जूलियन वेबर अपने एथलेटिक्स सीजन की शुरुआत करते हुए 87.04 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ प्रतियोगिता जीती, जबकि ऑस्ट्रेलिया के कैमरन मैकिन्टायर (85.73 मीटर) और लिथुआनिया के एडिस माटुसेविसियस (83.34 मीटर) ने पोडियम (टॉप 3) में जगह बनाई। रियो 2016 ओलंपिक चैंपियन जर्मनी के थॉमस रोहलर 80.30 मीटर की थ्रो के साथ पांचवें स्थान पर रहे, जबकि उनके हमवतन मैक्स डेहनिंग 18 खिलाड़ियों के फील्ड में 75.20 मीटर के प्रयास के साथ 12वें स्थान पर रहे।
29 वर्षीय नदीम इस महीने के आखिर में भारत के नीरज चोपड़ा के साथ अपनी प्रतिद्वंद्विता को फिर से शुरू करेंगे। दो बार के ओलंपिक मेडलिस्ट चोपड़ा ने जून में दोहा डायमंड लीग में 85.69 मीटर के साथ अपने 2026 सीज़न की शुरुआत की थी। श्रीलंका के रुमेश थरंगा के नाम इस सीज़न का वर्ल्ड-लीडिंग मार्क है, जिन्होंने रोम डायमंड लीग में 92.62 मीटर की थ्रो की थी।
वहीं, भारत के रोहित यादव के नाम इस सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (87.05 मीटर) है, जो उन्होंने जून में नेशनल इंटर-स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हासिल किया था। नदीम ने हाल ही में अपने कॉमनवेल्थ गेम्स खिताब को बचाने के दबाव को स्वीकार किया और कहा कि ग्लासगो में मुकाबला पहले से कहीं ज़्यादा कड़ा होगा।
नीरज चोपड़ा, रोहित यादव और रुमेश थरंगा भी कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में जैवलिन थ्रो इवेंट में हिस्सा लेंगे।






