
भिण्ड: मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की ग्वालियर खंडपीठ द्वारा लापता युवती के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताए जाने के बाद भिण्ड के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) प्रदीप कुमार पटेल ने आलमपुर पहुंचकर मामले की समीक्षा की और लापता युवती की शीघ्र तलाश के निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार एएसपी श्री पटेल ने पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज किए तथा याचिकाकर्ता तौफीक राइन और उनके परिवार के सदस्यों से चर्चा की। उन्होंने पीड़ित परिवार के घर का भी निरीक्षण किया और मामले की जांच कर रहे अधिकारी से प्रकरण की विस्तृत जानकारी ली।
एएसपी ने आलमपुर थाना का निरीक्षण कर अभिलेखों की समीक्षा की तथा लंबे समय से फरार वारंटियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने थाना प्रभारी सोहनीश सिंह तोमर को क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। यह मामला आलमपुर निवासी तौफीक राइन द्वारा अपनी बहन अलीशा बानो की गुमशुदगी को लेकर दायर याचिका से संबंधित है। अलीशा बानो 25 मार्च 2026 की रात से लापता है और 26 मार्च को उसके पिता ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। याचिका में आरोप लगाया गया था कि लगभग चार महीने बीतने के बाद भी पुलिस द्वारा उसकी तलाश के लिए प्रभावी प्रयास नहीं किए गए।
उल्लेखनीय है कि 13 जुलाई को ग्वालियर खंडपीठ ने मामले की सुनवाई के दौरान लापता लड़कियों की तलाश में ढिलाई पर नाराजगी जताई थी। न्यायालय ने भिण्ड पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए विवेचना अधिकारी को बदलकर एएसपी स्तर के अधिकारी से जांच कराने के निर्देश दिए थे। एएसपी प्रदीप कुमार पटेल ने बताया कि लापता युवती की शीघ्र तलाश के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं तथा मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।






