
हरिद्वार: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के तहत हरिद्वार पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए धार्मिक आस्था और अंधविश्वास का फायदा उठाकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के नेतृत्व में थाना श्यामपुर पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने ठगी गई राशि में से 4.55 लाख रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त लग्जरी एंडेवर कार, एक आईफोन तथा तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल की गई सामग्री भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार,16 जुलाई की रात डायल-112 पर सूचना मिली कि चंडी माता मंदिर के समीप मन्नत ढाबा क्षेत्र में एक महिला और दो पुरुष एक व्यक्ति से 4.60 लाख रुपये लेकर फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही थाना श्यामपुर पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी। पीड़ित विनोद कुमार निवासी सोनीपत (हरियाणा) की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी “अघोरा” नाम से यूट्यूब चैनल संचालित कर तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और कथित चमत्कारों से जुड़े वीडियो प्रसारित करते थे। इन वीडियो के माध्यम से लोगों का विश्वास जीतकर उन्हें भूत-प्रेत, ऊपरी बाधा और पारिवारिक समस्याओं के समाधान का झांसा दिया जाता था। इसके बाद विशेष पूजा के नाम पर लाखों रुपये ऐंठे जाते थे।
इसी कड़ी में हरियाणा निवासी पीड़ित को चंडी देवी मंदिर के पास विशेष पूजा कराने के लिए बुलाया गया। आरोपियों ने उसे लाल धागे से बंधा मिट्टी का मटका देकर मंत्र जाप करने को कहा और नकदी से भरा बैग अपनी कार में रखवा लिया। इसके बाद पूजा का सामान लाने का बहाना बनाकर तीनों मौके से फरार हो गए। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और सघन चेकिंग अभियान के आधार पर चिड़ियापुर स्थित माइनिंग चेक पोस्ट के पास से दो पुरुषों और एक महिला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सोशल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से लोगों को अंधविश्वास के जाल में फंसाकर पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के नाम पर नकदी एवं आभूषण ठगते थे। पुलिस को प्रारंभिक जांच में अन्य राज्यों में भी इसी तरह की वारदातों के सुराग मिले हैं, जिनकी जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों में मलकीत उर्फ राकेश शर्मा उर्फ मोहित, निवासी बिजनौर (हाल निवासी देहरादून), मोन्टी जोशी, निवासी देहरादून तथा पौड़ी गढ़वाल निवासी एक महिला शामिल हैं।
हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अंधविश्वास, तंत्र-मंत्र, चमत्कार या कथित बाबाओं के नाम पर धन की मांग करने वाले लोगों और सोशल मीडिया चैनलों के झांसे में न आएं।






