Home खेल मानव ठक्कर और मानुष शाह बने दुनिया की नंबर-2 पुरुष युगल जोड़ी

मानव ठक्कर और मानुष शाह बने दुनिया की नंबर-2 पुरुष युगल जोड़ी

20
0
Manav Thakkar and Manush Shah became the world number 2 men's doubles pair.

नयी दिल्ली: मानव ठक्कर और मानुष शाह अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस संघ ( आईटीटीएफ) की सोमवार काे जारी पुरुषों की युगल रैंकिंग में दुनिया के नंबर 2 खिलाड़ी बन गए हैं।
इन दोनों खिलाड़ियों ने किसी भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी या जोड़ी द्वारा हासिल की गई अब तक की सबसे ऊंची रैंकिंग का अपना ही रिकॉर्ड बेहतर किया है। पिछले हफ्ते दुनिया के नंबर 3 पर पहुंचने के बाद, सोमवार को जारी रैंकिंग में इस भारतीय टेबल टेनिस जोड़ी को एक पायदान का फायदा हुआ। इस जोड़ी ने अर्चना कामथ और मनिका बत्रा की महिला युगल जोड़ी के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया, जो 2022 में दुनिया की नंबर चार जोड़ी बनी थीं।


चीन के लिन शिडोंग और हुआंग यूज़ेंग 5160 अंको के साथ रैंकिंग में सबसे ऊपर हैं, जबकि मानव ठक्कर और मानुष शाह 3390 अंक के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
पेरिस 2024 ओलंपिक में फ्रांस की कांस्य पदक जीतने वाली पुरुष टीम का हिस्सा रहे एलेक्सिस और फेलिक्स लेब्रुन पिछले हफ़्ते दूसरे नंबर पर थे, लेकिन अब वे पांचवें नंबर पर खिसक गए हैं, जिससे भारतीयों के लिए यह जगह खाली हो गई है। भारतीय टेबल टेनिस के दिग्गज शरथ कमल की देखरेख में खेल रहे मानव ठक्कर और मानुष शाह ने पिछले एक साल में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है।

GNSU Admission Open 2026


वे 2026 सिंगापुर स्मैश के सेमीफाइनल और 2025 डब्ल्यूटीटी स्टार कंटेंडर फोज डो इगुआसु के फ़ाइनल तक पहुंचे, और उन्होंने 2026 डब्ल्यूटीटी कंटेंडर लागोस का खिताब जीता था।
रैंकिंग में यह बढ़ोतरी एशियन गेम्स 2026 से ठीक दो महीने पहले हुई है, जो 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में होने वाले हैं और भारत के पास अभी तीनों युगल डिसिप्लिन में टॉप-10 रैंक वाली जोड़ियां हैं।


दिया चितले और मानुष शाह मिक्स्ड डबल्स में दुनिया की नंबर 5 रैंक पर हैं, जबकि दीया चितले और यशस्विनी घोरपड़े महिलाओं की डबल्स रैंकिंग में दुनिया की नंबर 10 पर हैं।
एकल रैंकिंग में, मानव ठक्कर वर्ल्ड नंबर 38 पर भारत के सबसे ऊंचे रैंक वाले पुरुष खिलाड़ी हैं, जबकि मानुष शाह उनसे दो पायदान पीछे वर्ल्ड नंबर 40 पर हैं। मनिका बत्रा वर्ल्ड नंबर 51 पर भारत की सबसे ऊंचे रैंक वाली महिला एकल खिलाड़ी बनी हुई हैं। हालांकि, पूर्व कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन को 2026 एशियन गेम्स के लिए भारत के रिजर्व खिलाड़ियों में शामिल किया गया है।