Home बिहार नए डीएम के एक्शन से नो-वेंडिंग जोन अतिक्रमण मुक्त, नगर निगम ने...

नए डीएम के एक्शन से नो-वेंडिंग जोन अतिक्रमण मुक्त, नगर निगम ने चलाया बुलडोजर अभियान

30
0
No-vending zone freed from encroachment due to action of new DM, Municipal Corporation launched bulldozer drive

सासाराम (रोहतास): रोहतास के नए जिला पदाधिकारी (डीएम) दीपक कुमार मिश्रा के पदभार संभालते ही शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने की दिशा में कार्रवाई शुरू हो गई है। इसी क्रम में गुरुवार को सासाराम नगर निगम की टीम ने प्रशासन के निर्देश पर शहर के नो-वेंडिंग जोन में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान बुलडोजर की मदद से सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।

नगर निगम की टीम ने नो-वेंडिंग जोन में सड़क घेरकर दुकान लगाने वाले सब्जी विक्रेताओं और अन्य अतिक्रमणकारियों को हटाते हुए सड़क को खाली कराया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। प्रशासन का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ती जाम की समस्या को देखते हुए यह अभियान चलाया गया। पिछले कुछ दिनों से मुख्य सड़कों पर अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था, जिससे आम लोगों के साथ-साथ एंबुलेंस और सरकारी वाहनों की आवाजाही भी बाधित हो रही थी।

GNSU Admission Open 2026


हालांकि, प्रशासन की इस कार्रवाई का लोगों ने स्वागत किया है, लेकिन स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पहले भी कई बार अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया है। कुछ दिनों बाद फिर से सड़क किनारे दुकानें लगने लगती हैं, जिससे जाम की समस्या दोबारा उत्पन्न हो जाती है। ऐसे में अब लोगों की नजर नए डीएम दीपक कुमार मिश्रा की आगे की रणनीति पर है। यदि प्रशासन नियमित निगरानी और सख्ती बनाए रखता है, तो शहर को स्थायी रूप से जाम और अतिक्रमण की समस्या से राहत मिल सकती है।