पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आह्वान करते हुए रविवार को कहा कि वह सामाजिक न्याय की नई लड़ाई के लिए पूरी तरह तैयार रहें। श्री यादव ने राजद के 30वें स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को शुभकामनाएं देते हुए इसे बिहार के राजनीतिक इतिहास का एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। उन्होंने सामाजिक न्याय, आर्थिक समानता और संविधान के मूल्यों के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई।
राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने संदेश में कहा कि राजद की स्थापना 05 जुलाई 1997 को गरीबों, वंचितों, पिछड़े वर्गों, दलितों, अल्पसंख्यकों तथा समाज के अन्य उपेक्षित तबकों के अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने कहा कि पार्टी का गठन बिहार की राजनीति में एक निर्णायक मोड़ साबित हुआ और इसने राज्य के सामाजिक-राजनीतिक परिदृश्य को नई दिशा दी।
श्री यादव ने कहा कि पिछले तीन दशकों में राजद की प्रगति उसके नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के समर्पण, त्याग और अथक परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की विचारधारा को बिहार के कोने-कोने तक पहुंचाने का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं को दिया। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राजद ने हमेशा गरीबों, सामाजिक रूप से वंचित और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के हितों की आवाज बुलंद की है।
उन्होंने कहा कि पार्टी का विकास मॉडल केवल आधारभूत संरचना तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति को समान अवसर और भागीदारी सुनिश्चित करने पर आधारित है। उन्होंने कहा कि राजद और के सामाजिक न्याय के आदर्शों के प्रति प्रतिबद्ध है। आर्थिक सशक्तीकरण और सामाजिक समानता की लड़ाई पार्टी के राजनीतिक एजेंडे का प्रमुख हिस्सा रहेगी।







