Home बिहार स्कॉर्पियो की टक्कर से दो सहेलियों की दर्दनाक मौत

स्कॉर्पियो की टक्कर से दो सहेलियों की दर्दनाक मौत

25
0
Two female friends killed in tragic collision with a Scorpio

औरंगाबाद: औरंगाबाद जिले के रफीगंज प्रखंड के पौथू थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कोचिंग से पढ़कर घर लौट रही दो छात्राओं की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और आरोपी चालक की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवारों को मुआवजा तथा सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की। पुलिस ने स्कॉर्पियो जब्त कर ली है और फरार चालक की तलाश में छापेमारी कर रही है। यह हादसा रफीगंज प्रखंड के पौथू थाना क्षेत्र के भतारी गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, ओबरा थाना क्षेत्र के नरौला गांव निवासी मो. रियाजुद्दीन की 15 वर्षीय पुत्री अफसरी और रुस्तम अली की 15 वर्षीय पुत्री आशिया रोज की तरह कोचिंग से पढ़ाई कर अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी।

ग्रामीणों के मुताबिक, स्कॉर्पियो पहले अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकराई और इसके बाद सड़क पर जा रही दोनों छात्राओं को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि अफसरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आशिया ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही दोनों छात्राओं के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया। बताया जा रहा है कि दोनों सहेलियां रोज साथ में कोचिंग जाती थीं और साथ ही घर लौटती थीं। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने भतारी मोड़ के पास ओबरा-पौथू मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।

GNSU Admission Open 2026

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा तथा दुर्घटना संभावित इस मार्ग पर स्थायी सड़क सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की। सड़क जाम के कारण ओबरा-पौथू मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर पौथू थानाध्यक्ष संजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।