Home बिहार TET घोटाले की जांच बिहार तक, हाजीपुर साइबर कैफे पर महाराष्ट्र पुलिस...

TET घोटाले की जांच बिहार तक, हाजीपुर साइबर कैफे पर महाराष्ट्र पुलिस का छापा

16
0
TET scam probe extends to Bihar; Maharashtra Police raids Hajipur cyber cafe.

हाजीपुर: महाराष्ट्र में टीईटी परीक्षा से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच अब बिहार के वैशाली जिले तक पहुंच गई है। बुधवार रात महाराष्ट्र पुलिस की एक विशेष टीम ने हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के कचहरी रोड स्थित एक साइबर कैफे में अचानक छापेमारी की। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और देर रात तक पुलिस की गतिविधियां जारी रहीं। जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र पुलिस के आधा दर्जन से अधिक अधिकारियों की टीम स्थानीय नगर थाना पुलिस के सहयोग से कचहरी रोड पहुंची। पुलिस ने साइबर कैफे को चारों ओर से घेर लिया और संचालक से लंबे समय तक गहन पूछताछ की। इस दौरान कैफे में मौजूद कंप्यूटर, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की भी बारीकी से जांच की गई।

सूत्रों के मुताबिक, यह छापेमारी टीईटी परीक्षा से जुड़े फर्जी पहचान पत्र, जाली प्रमाण पत्र तैयार करने और ऑनलाइन धोखाधड़ी के संदिग्ध नेटवर्क की जांच के सिलसिले में की गई है। हालांकि जांच टीम के अधिकारियों ने फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। उनका कहना है कि जांच अभी जारी है और पूरी जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। इस संयुक्त कार्रवाई में नगर थाना अध्यक्ष सिकंदर कुमार के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद रही। थाना अध्यक्ष ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस ने स्थानीय स्तर पर संपर्क कर सहयोग मांगा था, जिसके बाद संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की गई। करीब एक घंटे से अधिक समय तक चली इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने साइबर कैफे से जुड़े कई डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्यों की जांच की। जांच एजेंसियां डिजिटल गतिविधियों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए अलग-अलग स्थानों पर भी तलाशी अभियान चला रही हैं।

GNSU Admission Open 2026

जांच एजेंसियां आरोपियों के लैपटॉप, मोबाइल फोन, ईमेल और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड की मदद से पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं। अधिकारियों का प्रयास है कि इस कथित फर्जीवाड़े से जुड़े सभी लोगों की पहचान कर पूरे गिरोह का खुलासा किया जा सके। जांच में अब तक महाराष्ट्र के भिवंडी से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस इन्हीं आरोपियों से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर जांच का दायरा लगातार बढ़ा रही है। इसी कड़ी में हाजीपुर में यह छापेमारी की गई। गौरतलब है कि महाराष्ट्र सरकार ने 28 जून 2026 को प्रस्तावित टीईटी परीक्षा को स्थगित कर दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है, जो परीक्षा में कथित अनियमितताओं, फर्जी दस्तावेजों और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।