नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार देर शाम विक्टोरिया में सम्मानित अतिथि के रूप में सेशेल्स की स्वतंत्रता की 50वीं वर्षगांठ पर आयोजित राष्ट्रीय दिवस समारोह में भाग लिया।
वह सेशेल्स के स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं।
श्री मोदी सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हरमिनी के निमंत्रण पर सेशेल्स की यात्रा पर गए हैं।
राष्ट्रीय दिवस समारोह भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भी आयोजित किया गया। इन विशेष अवसरों के स्मरणार्थ, सेशेल्स की स्वतंत्रता की स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित राष्ट्रीय परेड में भारतीय सशस्त्र बलों की टुकड़ियों ने भाग लिये। भारतीय दल में असम रेजिमेंट, भारतीय नौसेना तथा भारतीय नौसेना के मार्चिंग बैंड के कार्मिक शामिल थे, जो दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे रक्षा सहयोग को प्रतिबिंबित करते हैं। समारोह के एक भाग के रूप में तथा स्थापित परंपरा के अनुरूप, भारतीय नौसैनिक पोत तरकश और ईक्षाक पोर्ट विक्टोरिया में लंगर डाले हुए हैं।
समारोह में प्रधानमंत्री की भागीदारी दोनों देशों के बीच गहरी साझेदारी तथा लंबे समय से चली आ रही मैत्री को रेखांकित करती है।







