पश्चिमी चंपारण: पश्चिमी चंपारण जिले के बैरिया थाना क्षेत्र स्थित हाट सरैया में शनिवार को एक 30 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बैरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब तीन बजे स्थानीय लोगों ने खेत में एक युवक का शव पड़ा देखा।
सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। घटनास्थल के पास से देसी शराब की एक पाउच भी बरामद हुई है, जिसे पुलिस ने जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया। मृतक के भाई राजकुमार का आरोप है कि उनका भाई शराब पीने का आदी था और शनिवार सुबह हाट सरैया इलाके में शराब पीने गया था। उनका कहना है कि शव के मुंह से शराब की दुर्गंध आ रही थी, जबकि पीठ पर गंभीर चोट और चमड़ी उधड़ी हुई दिखाई दे रही थी। परिजनों का आरोप है कि युवक को जहरीली शराब पिलाने के बाद उसके साथ मारपीट कर हत्या की गई।
ग्रामीणों का दावा है कि हाट सरैया क्षेत्र में कई स्थानों पर अवैध रूप से देसी शराब का कारोबार संचालित होता है, जहां बड़ी संख्या में लोग शराब पीने पहुंचते हैं। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। एसडीपीओ रजनीश कांत प्रियदर्शी ने बताया कि मामला संदिग्ध है और पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस साक्ष्य जुटाने और मामले की तह तक पहुंचने में लगी हुई है।







