Home बिहार आज होगी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा, 13 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल

आज होगी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा, 13 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल

19
0
Police constable recruitment exam to be held today; over 13,000 candidates participating.

मुजफ्फरपुर: केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), बिहार की ओर से बिहार पुलिस दूरसंचार (वितंतु) एवं तकनीकी अराजपत्रित संवर्ग में सिपाही (प्रचालक) पद की लिखित परीक्षा रविवार को जिले के 22 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला प्रशासन के अनुसार, परीक्षा दोपहर 12 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसमें जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर कुल 13,721 अभ्यर्थी शामिल होंगे। सभी अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केंद्र पर सुबह 10 बजे तक रिपोर्टिंग अनिवार्य की गई है।

प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की अपील की है, ताकि प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर स्टेटिक दंडाधिकारी सह प्रेक्षक, जोनल दंडाधिकारी सह समन्वय प्रेक्षक तथा उड़नदस्ता दंडाधिकारी की तैनाती की गई है। इसके अलावा पुलिस बल की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है, ताकि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच (फ्रिस्किंग) की जाएगी।

GNSU Admission Open 2026

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, वाई-फाई गैजेट, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर, स्मार्ट वॉच, साधारण रिस्ट वॉच या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा व्हाइटनर, अतिरिक्त इरेज़र, ब्लेड अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री भी साथ रखने पर रोक लगाई गई है। यदि किसी अभ्यर्थी के पास प्रतिबंधित सामग्री पाई जाती है तो इसे कदाचार माना जाएगा और उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने कहा है कि परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं और सभी स्तरों पर निगरानी रखी जाएगी।