Home बिहार NH-27 पर तेल से भरे ट्रक में भीषण आग, 2360 कार्टन राख

NH-27 पर तेल से भरे ट्रक में भीषण आग, 2360 कार्टन राख

24
0
A massive fire broke out in an oil-laden truck on NH-27, reducing 2,360 cartons to ashes.

दरभंगा: दरभंगा-मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-27) पर शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मब्बी थाना क्षेत्र के कंसी चौक के पास सरसों तेल से लदे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया और ट्रक में लदे 2360 कार्टन सरसों तेल सहित पूरा वाहन जलकर राख हो गया। हालांकि, इस हादसे में ट्रक चालक और खलासी की जान बच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब एक बाइक चालक गलत तरीके से ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान बाइक की टक्कर ट्रक से हो गई।

प्रारंभिक आशंका है कि टक्कर के बाद हुए शॉर्ट सर्किट के कारण ट्रक में आग लग गई। ट्रक चालक संजय कुमार ने बताया कि वह राजस्थान के चूरू जिले से 2360 कार्टन सरसों तेल लोड कर पूर्णिया जा रहा था। कंसी चौक के पास पीछे से ओवरटेक कर रहे एक वाहन के कारण ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खड़ी एक बाइक से टकरा गया। इसके कुछ ही देर बाद ट्रक में आग लग गई और देखते ही देखते लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। चालक ने बताया कि आग में उसका मोबाइल फोन और अन्य निजी सामान भी जलकर नष्ट हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।

GNSU Admission Open 2026

बताया गया कि सिमरी क्षेत्र में अग्निशमन वाहन उपलब्ध नहीं होने के कारण जिला मुख्यालय से दमकल वाहन बुलाना पड़ा। घटनास्थल तक पहुंचने में करीब दो घंटे का समय लग गया। तब तक ट्रक और उसमें लदा पूरा माल जलकर राख हो चुका था। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मब्बी के अपर थानाध्यक्ष शशि शंकर कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझा ली गई है, लेकिन तब तक ट्रक और उसमें रखा सारा सामान जल चुका था। दुर्घटनाग्रस्त बाइक के मालिक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।