Home बिहार बिहार में रिश्तों का खूनी खेल, जीजा ने साले को गोली मारी

बिहार में रिश्तों का खूनी खेल, जीजा ने साले को गोली मारी

24
0
Deadly turn in family relations in Bihar: Brother-in-law shoots brother-in-law.

मुंगेर: मुंगेर जिले के शामपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। बरियारपुर-हवेली खड़गपुर एनएच-333बी स्थित योगिनी स्थान के पास एक ट्रक चालक ने कथित तौर पर अपने दोस्त के साथ मिलकर अपने ही साले को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले हवेली खड़गपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने मुंगेर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घायल की पहचान हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के विशनपुर गांव निवासी सैनिक कुमार यादव के रूप में हुई है। उनके पिता विनोद यादव मणिपुर पुलिस में कार्यरत हैं। परिजनों के अनुसार, विनोद यादव ने अपनी मूक-बधिर पुत्री की शादी कुछ वर्ष पहले खगड़िया निवासी दिलखुश लाल यादव से की थी।

दिलखुश पेशे से ट्रक चालक है और दंपति के दो बच्चे हैं। बताया गया कि पारिवारिक और आर्थिक कारणों से महिला अक्सर अपने मायके आ जाती थी। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि शनिवार शाम दिलखुश यादव अपने दोस्त राजा के साथ बाइक से ससुराल पहुंचा। उसने सैनिक कुमार को घूमने के बहाने अपने साथ ले लिया। योगिनी स्थान के समीप पहुंचने पर उसके दोस्त ने कथित तौर पर सैनिक कुमार के सीने में गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल सैनिक कुमार ने किसी तरह अपने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। घायल युवक की मां ने अपने दामाद दिलखुश यादव और उसके साथी राजा पर गोली मारने का आरोप लगाया है।

GNSU Admission Open 2026

परिजनों का कहना है कि पारिवारिक विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही हवेली खड़गपुर एसडीपीओ अनिल कुमार, शामपुर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार, एसआई पूजा कुमारी और कुंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने मौके से खून से सनी चप्पल, रक्त के नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं। शामपुर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। परिजनों के बयान के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है, जबकि घायल युवक का इलाज मुंगेर सदर अस्पताल में जारी है।