Home राष्ट्रीय ED की कार्रवाई: कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर छापेमारी, जमीन...

ED की कार्रवाई: कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर छापेमारी, जमीन सौदों में गड़बड़ी के आरोप

126
0
ED की कार्रवाई: कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर छापेमारी, जमीन सौदों में गड़बड़ी के आरोप

लुधियाना। पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के आवास समेत कई ठिकानों पर शुक्रवार तड़के प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक साथ छापेमारी की। लुधियाना स्थित उनके घर पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी में जांच एजेंसी की टीमें दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की गहन जांच में जुटी रहीं। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग और जमीन सौदों में कथित अनियमितताओं से जुड़े पुराने मामलों को लेकर की जा रही है। बताया जा रहा है कि ईडी की छापेमारी सिर्फ लुधियाना तक सीमित नहीं रही, बल्कि मंत्री से जुड़े अन्य ठिकानों पर भी एक साथ दबिश दी गई। जांच के दौरान टीमों ने वित्तीय लेनदेन, संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बारीकी से जांच की। गौरतलब है कि अक्टूबर 2024 में भी अरोड़ा जांच एजेंसियों के रडार पर आए थे। उस समय उन पर औद्योगिक जमीन को रिहायशी परियोजनाओं में बदलने के गंभीर आरोप लगे थे।

तब वे राज्यसभा सांसद थे, लेकिन अब कैबिनेट मंत्री के रूप में उनके खिलाफ हुई इस कार्रवाई ने सियासी हलचल तेज कर दी है। इधर, आम आदमी पार्टी से जुड़े नेताओं पर लगातार हो रही जांच कार्रवाई ने राजनीतिक माहौल को और गर्मा दिया है। हाल ही में राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर भी ईडी ने छापेमारी की थी, जिसमें जालंधर, फगवाड़ा और गुरुग्राम सहित कई शहरों में तलाशी ली गई थी। हालांकि, दोनों ही मामलों में ईडी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान या जब्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। लेकिन लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से सत्ता पक्ष की चिंताएं बढ़ती नजर आ रही हैं और आने वाले दिनों में जांच के और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

GNSU Admission Open 2026