वॉशिंगटन/तेहरान: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक सनसनीखेज दावा करते हुए कहा है कि तेहरान पर हुए एक बड़े हमले में ईरान के कई शीर्ष सैन्य नेताओं को मार गिराया गया है। उन्होंने यह जानकारी शनिवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर साझा किए गए एक पोस्ट के जरिए दी। राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने पोस्ट के साथ करीब एक मिनट सात सेकंड का एक वीडियो भी साझा किया है। इस वीडियो में आसमान में धमाकों की रोशनी दिखाई देती है, जबकि पृष्ठभूमि में विमानों की आवाज और तेज विस्फोटों की ध्वनि स्पष्ट रूप से सुनी जा सकती है। हालांकि वीडियो की गुणवत्ता धुंधली बताई जा रही है और इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। अपने बयान में ट्रंप ने कहा, “ईरान के कई सैन्य नेता, जिन्होंने देश को गलत दिशा में नेतृत्व दिया, इस बड़े हमले में समाप्त हो गए हैं। इसके साथ ही बहुत कुछ और भी नष्ट हुआ है।
हालांकि, उन्होंने हमले के लक्ष्य, स्थान या इस्तेमाल की गई सैन्य तकनीक के बारे में कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की। यह कथित हमला उस सख्त अल्टीमेटम के बाद सामने आया है, जो ट्रंप ने ईरान को दिया था। उन्होंने पहले कहा था कि ईरान के पास समझौते या होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के लिए सीमित समय है। ट्रंप के अनुसार, “48 घंटे का समय बचा है, अन्यथा ईरान को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।ट्रंप ने यह भी दावा किया था कि यह घोषणा ईरानी सरकार के अनुरोध पर की गई थी और दोनों देशों के बीच बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर अब तक ईरान की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस दावे को लेकर सतर्कता बरती जा रही है, क्योंकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि अभी बाकी है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह दावा सही साबित होता है, तो पश्चिम एशिया में तनाव और अधिक बढ़ सकता है, जिसका असर वैश्विक सुरक्षा और तेल आपूर्ति पर भी पड़ सकता है।







