कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने 144 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है, जिसमें कई बड़े और चर्चित चेहरों को मैदान में उतारा गया है। इस सूची में कई महिला उम्मीदवारों को भी टिकट दिया गया है। बीजेपी की जारी सूची में वरिष्ठ नेता दिलीप घोष को बोलपुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं राज्य के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी को नंदीग्राम के साथ-साथ कोलकाता की चर्चित सीट भबानीपुर से भी उम्मीदवार बनाया गया है। भबानीपुर को खास माना जाता है क्योंकि यह सीट पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री Mamata Banerjee का राजनीतिक क्षेत्र रही है।इसके अलावा तूफानगंज से मालती राय और आसनसोल से अग्निमित्रा पॉल को टिकट दिया गया है। पार्टी ने भबानीपुर सीट को लेकर विशेष रणनीति बनाई है और वहां चुनावी तैयारी के लिए अलग वॉर रूम भी तैयार किया गया है।
पहली सूची में 11 महिला उम्मीदवार
बीजेपी ने इस सूची में महिला प्रतिनिधित्व पर भी खास ध्यान दिया है। पार्टी ने 11 महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया है। इनमें अग्निमित्रा पॉल के अलावा ओसग्राम से कलिता मांझी, मान बाजार से मैना मुर्मू, रघुनाथपुर से मामोनी बाउरी, साल्टोरा से चंदना बाउरी और कुलतरी से माधवी महालदार को मैदान में उतारा गया है। इसके अलावा डाबग्राम-फूलबाड़ी से शिखा चटर्जी भी उम्मीदवार बनाई गई हैं। कूचबिहार नॉर्थ से सुकुमार रॉय, सीतलकुची से सावित्री वर्मन, कुमारग्राम से मनोज कुमार ओरांव और कालेचिनी से विशाल लामा को भी टिकट दिया गया है। पार्टी का कहना है कि इस बार सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों का चयन किया गया है।
दो चरणों में होगा मतदान
पश्चिम बंगाल में इस बार विधानसभा चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। चुनाव आयोग ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए बताया कि राज्य में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। वहीं मतगणना 4 मई को होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। सभी पोलिंग बूथों पर आवश्यक सुविधाएं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे।
राज्य में मतदाताओं की संख्या 6.44 करोड़
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक पश्चिम बंगाल में कुल 6.44 करोड़ मतदाता हैं। इनमें लगभग 3.28 करोड़ पुरुष और 3.16 करोड़ महिला मतदाता शामिल हैं, जबकि 1152 थर्ड जेंडर मतदाता भी सूची में दर्ज हैं। अगर पहली बार मतदान करने वाले युवाओं की बात करें तो 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के करीब 5.23 लाख मतदाता हैं। वहीं 20 से 29 वर्ष के मतदाताओं की संख्या करीब 1.31 करोड़ बताई गई है। इसके अलावा 85 वर्ष से अधिक आयु के 3.79 लाख मतदाता और लगभग 4.16 लाख दिव्यांग मतदाता भी चुनाव प्रक्रिया का हिस्सा बनेंगे। चुनाव आयोग ईवीएम को लेकर जागरूकता अभियान भी चला रहा है।







