सासाराम। शहर में अवैध गैस रिफिलिंग और भंडारण के खिलाफ सासाराम एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी के निर्देशन में प्रशासन ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। इस पूरी कार्रवाई का मुख्य श्रेय प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राजदीप और पुलिस पदाधिकारी रंजय को जाता है, जिन्होंने संयुक्त रूप से इस सफल छापेमारी को अंजाम दिया।
गुप्त सूचना के आधार पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राजदीप और पुलिस पदाधिकारी रंजय की टीम ने मोहल्ला जकी शाहिद स्थित नेहाल आलम के पुत्रों—रिजवान आलम और कामरान आलम के मकान पर संयुक्त छापेमारी की। इस दौरान मौके से 6 इंडियन गैस और 4 एचपी गैस (कुल 10 सिलेंडर) बरामद किए गए। अवैध भंडारण के आरोप में रिजवान और कामरान को सासाराम नगर थाना की हिरासत में ले लिया गया है।
छापेमारी के साथ-साथ एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी ने पेट्रोल पंप संचालकों को भी कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने संचालकों से अनुरोध किया है कि वे पूरी पारदर्शिता के साथ काम करें और जनता की मदद करें। साथ ही चेतावनी भी दी गई है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले पेट्रोल पंपों पर प्रशासन की पैनी नजर है और गड़बड़ी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।







