नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अपमान करने का आरोप लगाते हुये निशाना साधा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में सुश्री बनर्जी और उनकी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर तीखा हमला बोलते हुये आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति के पद का अपमान किया गया है। श्री प्रसाद ने कहा कि श्रीमती मुर्मू संथाल फिल्म फेस्टिवल के उद्घाटन के लिए सिलीगुड़ी गई थीं, लेकिन बागडोगरा एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति का स्वागत करने के लिए राज्य सरकार की ओर से कोई मंत्री या अधिकारी मौजूद नहीं था। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम सिलीगुड़ी के एक खुले मैदान में आयोजित होना था, लेकिन अंतिम समय में इसको रद्द कर कार्यक्रम को एयरपोर्ट के पास एक छोटे से हॉल में आयोजित किया गया।
श्री प्रसाद ने टीएमसी पर तंज कसते हुये कहा कि जो दल संविधान के खतरे में होने की बात करते हैं आज वही लोग देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर बैठीं राष्ट्रपति के प्रति अनादर दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय मंच से वह ममता सरकार के इस व्यवहार की कड़ी निंदा करते हैं। श्री प्रसाद ने कहा कि सुश्री बनर्जी के शासन में घुसपैठियों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि स्थानीय लोगों को लोगों को डराया और धमकाया जाता है। उन्होंने कहा कि राज्य में न्यायपालिका और चुनाव आयोग से जुड़े लोगों पर भी अत्याचार की घटनाएं सामने आती रही हैं, फिर भी ये लोग संविधान की रक्षा की बात करते रहते हैं। श्री प्रसाद ने कहा कि पश्चिम बंगाल में लोकतांत्रिक संस्थाओं के सम्मान और संवैधानिक मर्यादाओं का पालन होना चाहिए।







