
सासाराम। रोहतास जिले में नेटवर्किंग कंपनी के माध्यम से दर्जनों लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी एवं धोखाधड़ी मामले में रोहतास पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। दरअसल ऑनलाइन वेबसाइट और नेटवर्किंग कंपनी के नाम पर निवेश कराकर पैसे दोगुना करने का झांसा देने वाले मुख्य आरोपी रौशन कुमार कश्यप को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गुड़गांव स्थित वर्तमान पता फ्लैट नंबर-1002, 4ए टावर, ओरिस एस्अर, सेक्टर-85 गुड़गाँव-122001, सेंट एंड्रयूज वर्ल्ड स्कूल के सामने से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सासाराम नगर थाना क्षेत्र के शेरगंज मोहल्ला निवासी कामेश्वर प्रसाद कश्यप के 40 वर्षीय पुत्र रौशन कुमार कश्यप के रूप में हुई है।
निवेश पर 10% मुनाफे का दिया लालच
प्राप्त जानकारी के अनुसार रौशन कुमार कश्यप myadapool.net और टीसीएल आडा नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए नेटवर्किंग का जाल फैला रखा था। ठगी के शिकार लोगों के अनुसार आरोपी ने उन्हें निवेश पर प्रतिमाह 10% मुनाफे का लालच दिया था। इसके अलावा उसने यह भी आश्वासन दिया कि यदि पैसा वापस नही मिलता है, तो हमलोग आपको अपना जमीन या पूरी पुंजी वापस कर देंगे। लेकिन जब पैसे वापस देने की बारी आई, तो आरोपी फरार हो गया और उसके परिवार वाले गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने लगे।
स्थानीय व अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार से किया प्रभावित
आरोपी रौशन कुमार कश्यप एवं उसकी पूरी टीम भोले भाले लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए स्थानीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कई सेमिनार आयोजित करता था। पीड़ितों के अनुसार मुख्य आरोपी रौशन कुमार कश्यप के अलावा इनकी टीम में पत्नी अमृता कश्यप, भाई राकेश कुमार कश्यप, भाई की पत्नी खुशबु कश्यप, छोटा भाई राजू कश्यप, दिल्ली निवासी दर्शन सोलंकी एवं गुडगांव निवासी नारायण राय शामिल हैं।
दो करोड़ से अधिक के गबन का आरोप
ठगी में शामिल लोगों ने सासाराम एवं आसपास के इलाकों में रहने वाले रोशन कुमार गुप्ता, राकेश कुमार, सत्येंद्र कुमार सिंह, नीरज कुमार गुप्ता, महेंद्र कुमार सिंह, नलिन पुष्कर, अभिनंदन कुमार, चंदन कुमार, अमित कुमार, राजू रंजन, दीपक कुमार, विशाल कुमार, नंदकिशोर सिंह सहित अन्य लोगों से लगभग 2 करोड़ से अधिक की राशि का ठगी किया है। हालांकि जैसे हीं निवेशकों को ठगी का अहसास हुआ, उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
वहीं मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। रोहतास पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाया और अंततः उसे दिल्ली से धर दबोचा। फिलहाल पुलिस इस सिंडिकेट में शामिल अन्य लोगों की पहचान में जुटी हुई है और गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ चल रही है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील किया कि वे ऐसी किसी भी अनाधिकृत ऑनलाइन वेबसाइट या लुभावनी स्कीमों के झांसे में न आएं।






