पटना। पटना से बड़ी राजनीतिक खबर सामने आ रही है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पश्चिम बंगाल के TMC सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में जनता के बीच टीएमसी सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश है और इसी वजह से सरकार घबराई हुई है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि टीएमसी सरकार ने 26 हजार शिक्षकों की नियुक्ति रद्द कर लाखों युवाओं को निराश किया है। इसके साथ ही राज्य के कर्मचारियों को अभी तक 7वां वेतन आयोग भी नहीं दिया गया, जिससे कर्मचारियों में भी असंतोष बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि अगर बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती है तो शिक्षकों की बहाली की जाएगी और कर्मचारियों को 7 वां वेतन आयोग दिया जाएगा और महिलाओं को हर महीने 3000 रुपये की सहायता दी जाएगी। साथ ही सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाओं को “लखपति दीदी” बनाने की योजना भी लागू की जाएगी।गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार का एक ही लक्ष्य है—रोहिंग्या मुसलमानों को संरक्षण देना। वहीं नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने को लेकर भी गिरिराज सिंह ने प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि निशांत कुमार को राजनीति में आना चाहिए। गिरिराज सिंह के मुताबिक, नीतीश कुमार ऐसे नेता रहे हैं जिन्होंने दो दशकों तक बिहार के विकास को आगे बढ़ाया और आज भी सही समय पर सही फैसले लेने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार के लिए एक बड़ा वोट बैंक तैयार है और उस वोट बैंक की भी मांग है कि अब उन्हें सक्रिय राजनीति में आना चाहिए। गिरिराज सिंह ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री पद और मंत्रिमंडल को लेकर अंतिम फैसला खुद नीतीश कुमार ही करेंगे—कौन मुख्यमंत्री होगा और मंत्रिमंडल में कौन-कौन शामिल होगा, यह जिम्मेदारी उन्हीं की है।







