रोहतास। पर्यटन विभाग बिहार एवं जिला प्रशासन रोहतास के द्वारा रोहतास जिले के तिलौथू प्रखंड स्थित तुतला धाम में शुक्रवार को मां तुतला भवानी महोत्सव 2026 का आयोजन किया गया। महोत्सव का उद्घाटन डेहरी के विधायक सोनू सिंह, रोहतास डीडीसी विजय कुमार पांडे, डेहरी एसडीएम निलेश कुमार, जिला पर्यटन पदाधिकारी विनय प्रताप सिंह ने दीप प्रज्वलित कर के किया। उद्घाटन के अवसर पर अतिथियों ने मां तुतला भवानी के प्रति श्रद्धा प्रकट करते हुए कहा कि यह महोत्सव क्षेत्र के धार्मिक एवं पर्यटन महत्व को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बता दे कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रोहतास जिले में पहले से ही गुप्ता धाम महोत्सव सहित कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। अब तुतला भवानी धाम पर भी पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मां तुतला भवानी महोत्सव की शुरुआत की गई है। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रसिद्ध गायिका स्वती मिश्रा, पूजा चटर्जी, अनुपमा यादव, तान्या मवार सहित कई कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी।
पहली बार हो रहे तुतला भवानी महोत्सव को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखा गया। जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग की ओर से महोत्सव के सफल आयोजन के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुचारू रूप से संचालित की गईं। महोत्सव में सिविल सर्जन रोहतास मणि राज रंजन, जिला परिवहन पदाधिकारी राकेश कुमार सिंह, एसडीपीओ डेहरी दो वंदना कुमारी, मां तुतला भवानी मंदिर के अध्यक्ष गुरुचरण यादव, सामाजिक कार्यकता संजीव सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी तिलौथू अंकिता जैन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।







