मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के भिखनपुर गांव में रविवार को उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब फरार चल रहे एक वारंटी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर परिजनों ने हमला कर दिया। इस हमले में एक दारोगा घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, अहियापुर पुलिस आरोपी संजय कुमार के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट की तामील कराने उसके घर पहुंची थी।
पुलिस ने वारंटी को हिरासत में भी ले लिया था, लेकिन तभी परिवार के सदस्य आक्रोशित हो गए और पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने लगे। आरोप है कि वारंटी के परिवार के करीब डेढ़ दर्जन सदस्यों ने पहले गाली-गलौज की और फिर लाठी-डंडों से लैस होकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान सब इंस्पेक्टर संदीप कुमार पर मुक्कों से हमला किया गया, जिससे उनकी दाहिनी आंख और होंठ पर गंभीर चोटें आईं। भीड़ के उग्र रूप को देखते हुए पुलिसकर्मी किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से निकले।
हमले के दौरान पुलिस ने वारंटी के पुत्र सुधांशु कुमार को गिरफ्तार कर लिया और उसे थाने ले जाकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की। अहियापुर थाना के एसएचओ रोहन कुमार ने बताया कि स्थानीय चौकीदार के बयान पर आठ नामजद और दस अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस अभिरक्षा से वारंटी को छुड़ाने और पुलिस बल पर जानलेवा हमले के आरोप शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि फरार चल रहे वारंटी और अन्य हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।







