पटना। बिहार विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही राजनीतिक तापमान चढ़ गया। विपक्षी दलों ने पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी और NEET छात्रा की मौत को लेकर सरकार को घेरते हुए विधानसभा पोर्टिको में जोरदार प्रदर्शन किया। नारेबाजी के बीच कांग्रेस विधायकों ने सरकार पर लोकतंत्र को कुचलने का आरोप लगाया। चनपटिया से कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन प्रदर्शन के दौरान खास अंदाज में नजर आए। वे ‘आज जेल होई, कल बेल होई, परसो से वही खेल होई’ लिखी टी-शर्ट पहनकर विधानसभा पहुंचे। उन्होंने कहा कि पप्पू यादव की गिरफ्तारी राजनीतिक बदले की कार्रवाई है और कांग्रेस पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है। विधानसभा पोर्टिको में प्रदर्शन के दौरान NEET छात्रा की मौत का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस विधायकों ने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले में संवेदनहीन रवैया अपना रही है।
नारेबाजी के कारण कुछ देर तक विधानसभा परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। कांग्रेस विधायक कमरुल होदा ने पप्पू यादव की गिरफ्तारी को गलत ठहराते हुए कहा कि बिहार में लोकतंत्र नहीं, बल्कि राजतंत्र चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो भी सरकार से सवाल पूछता है, उसे दबाने की कोशिश की जाती है। विपक्ष ने साफ संकेत दिया कि यह मुद्दा सदन के अंदर भी जोर-शोर से उठाया जाएगा। बजट सत्र के चौथे दिन सरकार को तीखी आलोचना का सामना करना पड़ा था, जब प्रभारी स्वास्थ्य मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी के बयान से सरकार की किरकिरी हुई थी। इससे पहले तीसरे दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बीच सदन में तीखी बहस देखने को मिली थी। राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने तेजस्वी को डांटते हुए कहा था कि वे उनके समय की राजनीति से वाकिफ हैं। जवाब में तेजस्वी मुस्कुराते दिखे और माहौल और गर्म हो गया था।







