सासाराम : रोहतास जिले के सासाराम शहर में उर्दू शिक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से तालीमी बेदारी के बैनर तले एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग, सामाजिक कार्यकर्ता तथा छात्र-छात्राएं शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य उन लोगों को जागृत करना था, जो किसी कारणवश उर्दू की शिक्षा से वंचित रह गए हैं या धीरे-धीरे इससे दूरी बना रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तालीमी बेदारी से जुड़े परवेज आलम ने कहा कि उर्दू केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी तहज़ीब और सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में नई पीढ़ी उर्दू पढ़ने से कतराती जा रही है, जिसे रोकने के लिए समाज को मिलकर प्रयास करना होगा। इसी मकसद से तालीमी बेदारी द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, ताकि छात्र-छात्राओं को उर्दू शिक्षा की ओर प्रेरित किया जा सके।
इस बैठक में असलम अंसारी (जिला अध्यक्ष), जमशेद अहमद, अब्दुल क्यामु अंसारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने उर्दू शिक्षा के महत्व, इसके रोजगारपरक अवसरों और समाज में इसकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। अंत में लोगों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों को उर्दू शिक्षा से जोड़ें और इस भाषा को आगे बढ़ाने में सहयोग करें।







