रोहतास। जिले के सूर्यपुरा थाना क्षेत्र के ढोढनडीह गांव में एक नाच कार्यक्रम के दौरान फायरिंग में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक ढोढनडीह गांव निवासी राजेश्वर सिंह का पुत्र वीर बहादुर बताया जाता है। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाच देखने के दौरान भोजपुरी गीत ‘6 सिक्सर’ बज रहा था। इसी बीच वीर बहादुर और उसके दोस्त के बीच अचानक झगड़ा हो गया।
झगड़े के दौरान दोस्त ने वीर बहादुर को नाच के स्टेज पर ही खींचकर कर 3 गोली मार दी। गोली वीर बहादुर के मुंह और गर्दन में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनते ही लोग इधर-उधर भागने लगे और कार्यक्रम तुरंत बंद कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटा रही है और फायरिंग के कारणों की गहन छानबीन की जा रही है।अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।







