एंटरटेनमेंट डेस्क: बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। उनके खिलाफ बेंगलुरु में पवित्र दैव परंपरा का अपमान करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। यह शिकायत एडवोकेट प्रशांत मेथल द्वारा दर्ज कराई गई है, जिसमें रणवीर सिंह पर धार्मिक भावनाएं आहत करने और दैव परंपरा का मजाक उड़ाने का आरोप लगाया गया है। इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने अभिनेता को नोटिस भी जारी कर दिया है।
शिकायतकर्ता अधिवक्ता प्रशांत मेथल ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 28 नवंबर 2025 को गोवा में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के दौरान रणवीर सिंह ने मंच पर ऋषभ शेट्टी की फिल्म ‘कांतारा चैप्टर 1’ के ‘गुलिगा दैवा’ की नकल की थी। इस दौरान कथित तौर पर देवी चामुंडी को “भूतनी” कहकर संबोधित किया गया, जिससे लाखों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
प्रशांत मेथल के अनुसार, उन्होंने 3 दिसंबर 2025 को बेंगलुरु के हाई ग्राउंड्स पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उस समय एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से भी गुहार लगाई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंततः उन्होंने भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत सक्षम न्यायालय में निजी शिकायत दायर की। 28 जनवरी 2026 को अदालत ने मामले की जांच के आदेश दिए, जिसके बाद पुलिस एफआईआर दर्ज करने के लिए बाध्य हुई।
शिकायत में बीएनएस की धारा 196, 299 और 302 के तहत अपराध दर्ज किए गए हैं, जिनमें तीन साल तक की सजा, जुर्माना या दोनों का प्रावधान है। शिकायतकर्ता का कहना है कि देवता को भूत कहना ईशनिंदा के समान है और यह हिंदू धार्मिक मान्यताओं का गंभीर अपमान है।
गौरतलब है कि विवाद बढ़ने के बाद रणवीर सिंह ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी। हालांकि, अब कानूनी कार्रवाई शुरू होने के बाद यह मामला और तूल पकड़ता नजर आ रहा है।







